CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने मंगलवार को बाबरी मस्जिद को लेकर बड़ा और सख्त बयान दिया है। बाराबंकी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि बाबरी मस्जिद अब कभी दोबारा नहीं बनेगी और ऐसा दिन कभी नहीं आएगा। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है और विपक्षी खेमे में नाराजगी की संभावना जताई जा रही है।
राम मंदिर के संकल्प पर अडिग सरकार: CM Yogi
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार ने हमेशा अपने वादों पर अमल किया है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से भारतीय जनता पार्टी द्वारा किए गए राम मंदिर के संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार ने मजबूती और प्रतिबद्धता के साथ काम किया।
सीएम योगी ने जनसभा में कहा, “बाबरी मस्जिद अनंत काल तक दोबारा नहीं बनेगी, वह दिन कभी नहीं आएगा।”
CM Yogi: बाबरी मस्जिद 2.0 विवाद की पृष्ठभू
सीएम योगी का यह बयान तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक हुमायूं कबीर के उस बयान और गतिविधियों के बाद आया है, जिसमें उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर एक ढांचा बनाने की बात कही थी।
हुमायूं कबीर ने बाबरी मस्जिद की प्रतिकृति बनाने का दावा कर राजनीतिक और सांप्रदायिक बहस को हवा दी थी।
सनातन परंपरा को लेकर दो टूक संदेश
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की सनातन परंपरा को हर हाल में संरक्षित किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो लोग बाबरी ढांचे को फिर से खड़ा करने का सपना देख रहे हैं, वे कभी सफल नहीं होंगे।
CM Yogi: बंगाल चुनाव से पहले बयान के सियासी मायने
सीएम योगी (CM Yogi) का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम बंगाल में इस साल विधानसभा चुनाव होने हैं। माना जा रहा है कि बाबरी मस्जिद जैसे संवेदनशील मुद्दे पर दिया गया यह बयान चुनावी माहौल को और गरमा सकता है।
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी भाजपा पहले से ही आमने-सामने हैं। दोनों दल SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) प्रक्रिया को लेकर एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं।
हुमायूं कबीर की TMC से छुट्टी और नई पार्टी
हुमायूं कबीर, जिन्होंने मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर ढांचा बनाने की घोषणा की थी, उन्हें तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व ने पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
इसके बावजूद कबीर ने 6 दिसंबर 2025 को अयोध्या में बाबरी ढांचे के विध्वंस की बरसी के दिन मस्जिद की नींव रखी।
TMC से निष्कासन के बाद हुमायूं कबीर ने जनता उन्नयन पार्टी (JUP) नाम से नई पार्टी बनाई और आगामी विधानसभा चुनाव में करीब 135 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का ऐलान किया है।
भाजपा अक्सर हुमायूं कबीर को तृणमूल कांग्रेस की “बी-टीम” करार देती रही है।