तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपाथून में कार्तिगई दीपम प्रज्वलित कर दिया गया। तमिलनाडु के मदुरै स्थित पहाड़ी पर शनिवार (28 नवंबर) शाम करीब 5 बजे सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के अनुपालन में दीप जलाया गया। लंबे समय से जारी धार्मिक और कानूनी विवाद के बीच अदालत के आदेश को लागू किया गया।
13 सदस्यीय समिति की निगरानी में हुआ दीप प्रज्वलन
दीप प्रज्वलन 13 सदस्यीय समिति की निगरानी में हुआ। समिति में हाईकोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एस. वैद्यनाथन और एस. पार्थिबन, मदुरै के जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और मंदिर के पुजारी शामिल थे।
दीप जलते ही मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं ने पारंपरिक नगाड़ों की धुन के बीच ‘मुरुगनुक्कु आरोहरा’ के जयकारे लगाए। श्रद्धालु सुबह से ही मंदिर और पहाड़ी क्षेत्र में जुटने लगे थे।
पहाड़ी पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
आयोजन के दौरान पहाड़ी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान तैनात किए गए थे। सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अतिरिक्त 400 सीआरपीएफ जवान भी बुलाए गए थे। पहाड़ी के शीर्ष तक पहुंच सीमित रखी गई और केवल अधिकृत लोगों को ही वहां जाने की अनुमति दी गई।
सुप्रीम कोर्ट ने पहाड़ी पर स्थित दरगाह की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने और वहां आने वाले मुस्लिम श्रद्धालुओं को किसी तरह की बाधा नहीं होने देने का भी निर्देश दिया था।
आदेश के पालन को लेकर हुई अवमानना कार्यवाही
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान पहाड़ी के शीर्ष पर स्थित पत्थर के खंभे पर दीप प्रज्वलित करने की अनुमति दी थी। हालांकि, इससे पहले दीप केवल उचि पिल्लैयार मंदिर के पास पारंपरिक स्थान पर जलाया गया था, जिसके बाद आदेश के अनुपालन को लेकर अवमानना की तीन कार्यवाही शुरू हुईं।
शुक्रवार (27 नवंबर) को सुप्रीम कोर्ट की न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने आदेश का पालन नहीं किए जाने को लेकर तमिलनाडु के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। अदालत ने मंदिर के ट्रस्ट बोर्ड का कामकाज अगले आदेश तक निलंबित कर दिया और मंदिर प्रशासन की जिम्मेदारी हाईकोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों को सौंप दी।
दीपाथून पर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित होना तिरुपरनकुंद्रम से जुड़े लंबे कानूनी और धार्मिक विवाद में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है। तिरुपरनकुंद्रम को भगवान मुरुगन के छह पवित्र निवासों में पहला माना जाता है।




अपनी राय दें