Meerut: मेरठ के सर्राफा बाजार में स्थित रघुनंदन ज्वेलर्स में ठगों ने बेहद शातिर तरीके से दुकानदार को चकमा दे दिया। ठग ने अलग-अलग लोगों को अलग कहानी सुनाकर आपस में ही उलझा दिया और करीब 1 करोड़ रुपये की ज्वैलरी लेकर फरार हो गया।
मामला मेरठ का है। ठग ने खुद को दिल्ली का बड़ा ज्वैलरी व्यापारी बताकर दुकान पर व्हाट्सएप कॉल किया और कहा कि उसका “भतीजा” ज्वैलरी देखने आएगा। कुछ देर बाद एक युवक दुकान पर पहुंचा, ज्वैलरी पसंद की और फोन पर बात कराई। फोन पर मौजूद व्यक्ति ने कहा कि वह कैश भेज रहा है।
कुछ समय बाद चार युवक दुकान पर आए और करीब 1 करोड़ रुपये नकद देकर चले गए। दुकानदार ने पैसे गिनकर पहले आए युवक को ज्वैलरी से भरा बैग दे दिया, जिसे वह तुरंत लेकर चला गया।
Meerut: सर्राफा बाजार में हड़कंप
थोड़ी देर बाद वही चारों युवक वापस आए और ज्वैलरी मांगने लगे। दुकानदार ने बताया कि सामान तो उनके ही आदमी को दे दिया गया है। इस पर उन्होंने साफ कहा कि वे उस युवक को नहीं जानते, उन्हें सिर्फ किसी ने पैसे देकर यहां पहुंचाने के लिए कहा था।
यहीं से ठगी का खुलासा हुआ। ठग ने अलग-अलग लोगों को अलग कहानी सुनाई, सबको एक ही जगह बुलाया और एक-दूसरे का आदमी बताकर भरोसा दिला दिया। इसी भ्रम का फायदा उठाकर वह ज्वैलरी लेकर फरार हो गया। बाद में एक अन्य व्यक्ति भी पैसे मांगने पहुंचा, जिससे साफ हो गया कि ठग ने कई लोगों को मोहरा बनाकर पूरी साजिश रची थी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद से सर्राफा बाजार में हड़कंप मचा हुआ है।