Gorakhpur: होली के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए Indian Railways ने गोरखपुर से दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) के बीच होली स्पेशल ट्रेन चलाने का ऐलान किया है। यह ट्रेन चार फेरे में चलाई जाएगी, जिससे लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
रेलवे के मुताबिक 04025/04026 नंबर की गोरखपुर-आनंद विहार टर्मिनल-गोरखपुर होली स्पेशल 27 फरवरी से 2 मार्च तक गोरखपुर से रोजाना चलेगी, जबकि आनंद विहार टर्मिनल से यह ट्रेन 28 फरवरी से 3 मार्च तक प्रतिदिन चलाई जाएगी। इस ट्रेन में 12 एसी थर्ड और 5 एसी सेकंड के कोच लगाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को आरामदायक सफर मिल सके।
Gorakhpur: 04025 होली स्पेशल
गोरखपुर से दोपहर 2 बजे रवाना होगी और बस्ती, गोंडा, ऐशबाग, सीतापुर जंक्शन, बरेली, मुरादाबाद और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 6 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वहीं 04026 ट्रेन आनंद विहार टर्मिनल से रात 9:05 बजे चलेगी और गाजियाबाद, हापुड़, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, सीतापुर जंक्शन, ऐशबाग, गोंडा और बस्ती के रास्ते अगले दिन दोपहर 12 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
इसके अलावा प्रयागराज रामबाग और अयोध्या कैंट के बीच भी 10 फेरे में होली स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। 05140/05139 नंबर की यह ट्रेन 1 मार्च से 10 मार्च तक प्रयागराज रामबाग से तथा 2 मार्च से 11 मार्च तक अयोध्या कैंट से रोजाना चलेगी। इस ट्रेन में साधारण, स्लीपर और एसी कोच भी लगाए जाएंगे, ताकि अलग-अलग वर्ग के यात्री सफर कर सकें।
उधर, रोडवेज की तरफ से भी खास तैयारी की गई है। 28 फरवरी से 9 मार्च तक गोरखपुर परिक्षेत्र से 245 होली स्पेशल बसें अलग-अलग रूटों पर चलाई जाएंगी। गोरखपुर, राप्तीनगर, देवरिया, बस्ती, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, सोनौली और पडरौना डिपो से अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि कोशिश की जा रही है कि त्योहार के समय यात्रियों को कोई परेशानी न हो और सभी लोग अपने घर आसानी से पहुंच सकें।