March News: हर महीने की तरह मार्च 2026 की शुरुआत भी आम लोगों के लिए कई अहम आर्थिक बदलाव लेकर आने वाली है। इन बदलावों का सीधा असर लोगों के मासिक खर्च और रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ सकता है। एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों से लेकर यूपीआई पेमेंट, सिम सुरक्षा नियम और रेलवे टिकट बुकिंग तक कई नियमों में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।
LPG सिलेंडर की कीमतों में हो सकता है बदलाव
हर महीने की पहली तारीख को तेल कंपनियां एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। पिछले कुछ महीनों से घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें स्थिर बनी हुई हैं, जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। पिछले महीने कमर्शियल सिलेंडर करीब 49 रुपये महंगा हुआ था। मार्च में भी कीमतों में बदलाव संभव माना जा रहा है।
रेलवे टिकट बुकिंग में नया सिस्टम
मार्च 2026 से भारतीय रेलवे टिकट बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव कर सकता है। रेलवे की ओर से नया RailOne ऐप लॉन्च किए जाने की संभावना है। इस ऐप के जरिए यात्रियों को जनरल टिकट, प्लेटफॉर्म टिकट और लोकल यात्रा से जुड़ी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी, जिससे टिकट बुकिंग प्रक्रिया आसान हो जाएगी।
सिम बाइंडिंग नियम लागू होने की तैयारी
डिजिटल फ्रॉड पर रोक लगाने के लिए सरकार 1 मार्च से सिम बाइंडिंग नियम लागू कर सकती है। नए नियम के तहत WhatsApp, Telegram और Signal जैसे मैसेजिंग ऐप्स मोबाइल सिम से लिंक रहेंगे। यदि फोन से सिम हटाया जाता है, तो ये ऐप्स स्वतः काम करना बंद कर देंगे, जिससे फर्जी गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
UPI पेमेंट में बढ़ेगी सुरक्षा
यूपीआई ट्रांजैक्शन को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए नए सुरक्षा मानक लागू किए जा सकते हैं। हाई-वैल्यू ट्रांजैक्शन के लिए सिर्फ UPI PIN पर्याप्त नहीं होगा। बैंकों की ओर से अतिरिक्त सुरक्षा जैसे बायोमेट्रिक या मल्टी-फैक्टर ऑथेंटिकेशन अनिवार्य किया जा सकता है।
बैंक मिनिमम बैलेंस नियम में बदलाव
सरकारी बैंक 1 मार्च 2026 से मिनिमम बैलेंस से जुड़े नियमों में बदलाव कर सकते हैं। नए नियम के तहत किसी एक दिन बैलेंस कम होने पर पेनल्टी लगाने के बजाय औसत मासिक बैलेंस (Average Monthly Balance) के आधार पर शुल्क लिया जाएगा।
CNG, PNG और ATF की कीमतों की समीक्षा
हर महीने की तरह मार्च की शुरुआत में पेट्रोलियम कंपनियां CNG, PNG और एयर टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दामों की भी समीक्षा करेंगी। ऐसे में 1 मार्च को इनकी कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है।