सीमा पर विस्फोट को लेकर थाईलैंड ने कंबोडिया के समक्ष दर्ज कराया विरोध

World News: थाईलैंड के कार्यवाहक प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने मंगलवार को एक मीडिया साक्षात्कार में कहा कि सीमा क्षेत्र में हुए एक विस्फोट को लेकर थाई सेना ने कंबोडिया के समक्ष औपचारिक विरोध दर्ज कराया है। इस घटना में एक थाई सैनिक घायल हो गया।

इससे पहले मंगलवार को थाईलैंड की सेकंड एरिया कमांड ने सोशल मीडिया पर बताया था कि कंबोडिया ने संघर्षविराम समझौते का उल्लंघन करते हुए सुबह करीब 7:25 बजे (स्थानीय समय) सीमा क्षेत्र में एक मोर्टार गोला दागा, जिससे एक थाई सैनिक घायल हुआ।

अनुतिन के अनुसार, थाई विदेश मंत्रालय ने कंबोडिया के विदेश मंत्रालय को एक पत्र भेजकर सूचित किया है कि कंबोडिया ने संघर्षविराम की घोषणा का उल्लंघन किया है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि थाईलैंड संघर्षविराम की शर्तों का सख्ती से पालन कर रहा है, लेकिन किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। यह जानकारी शिन्हुआ समाचार एजेंसी ने दी।

थाई सेना के प्रवक्ता विनथाई सुवरी ने मंगलवार को कहा कि थाई सेना ने कंबोडिया को सतर्क रहने और संघर्षविराम उपायों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।

उन्होंने बताया कि इसके बाद कंबोडियाई पक्ष ने स्थानीय थाई सैन्य इकाई से संपर्क किया और कहा कि यह घटना जानबूझकर नहीं, बल्कि उनके कर्मियों के संचालन के दौरान हुई एक गलती थी।

इसी दिन सुबह कंबोडिया के प्रेह विहेयर प्रांत के एक सीमा क्षेत्र में कचरे के ढेर में अचानक हुए विस्फोट में दो कंबोडियाई सैनिक भी घायल हो गए। कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय की प्रवक्ता लेफ्टिनेंट जनरल माली सोचेआता ने यह जानकारी दी।

दोनों देशों की कार्यकारी टीमों ने इस मुद्दे पर आपसी परामर्श किया, सूचनाओं का आदान-प्रदान किया और मिलकर स्थिति से निपटने के लिए कदम उठाए हैं।

कंबोडिया के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता टच सोखाक ने बताया कि थाईलैंड के साथ हालिया सीमा संघर्ष के बाद विस्थापित किए गए कंबोडियाई नागरिकों में से करीब 68.4 प्रतिशत लोग अब तक अपने घर लौट चुके हैं।

उन्होंने कहा कि 6,49,023 विस्थापितों में से लगभग 4,44,179 लोग अपने घर वापस जा चुके हैं, जबकि करीब 2,04,844 लोग अब भी विस्थापन शिविरों में रह रहे हैं। इनमें 1,08,466 महिलाएं और 66,892 बच्चे शामिल हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *