Vaibhav Suryavanshi समस्तीपुर के उभरते क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी इस वर्ष 10वीं की बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं होंगे। 17 फरवरी से 11 मार्च तक होने वाली सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के लिए उनका एडमिट कार्ड जारी हो चुका था और परीक्षा केंद्र शहर के पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल में निर्धारित किया गया था। अब परिवार और स्कूल प्रबंधन की पुष्टि के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि वैभव इस साल परीक्षा नहीं देंगे।
परिवार से चर्चा के बाद यह निर्णय लिया
Vaibhav Suryavanshi ताजपुर स्थित मॉडेस्टी स्कूल के निदेशक आदर्श कुमार पिंटू ने बताया कि वैभव का परीक्षा फॉर्म भरा जा चुका था और सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई थीं। लेकिन परिवार से चर्चा के बाद यह निर्णय लिया गया कि क्रिकेट में अत्यधिक व्यस्त कार्यक्रम के कारण वे इस वर्ष परीक्षा में शामिल नहीं हो पाएंगे। फिलहाल वैभव पूरी तरह अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं और आगामी टूर्नामेंटों की तैयारी में जुटे हैं।
इससे पहले जिस विद्यालय में उनका परीक्षा केंद्र बना था, वहां के प्रिंसिपल नील किशोर सिन्हा ने कहा था कि वैभव की उपलब्धि पूरे समस्तीपुर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि परीक्षा के दौरान उन्हें अन्य विद्यार्थियों की तरह ही सामान्य सुविधाएं दी जाएंगी, किसी प्रकार का विशेष प्रबंध नहीं किया जाएगा।
Vaibhav Suryavanshi सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही घरेलू क्रिकेट में बनाई अपनी पहचान
परिवार की ओर से भी यही कारण सामने आया है। वैभव के नाना दीपक कुमार सिंह ने बताया कि क्रिकेट शेड्यूल काफी व्यस्त है और परीक्षा केंद्र पर प्रशंसकों तथा खिलाड़ियों की संभावित भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। वैभव के माता-पिता ने भी उनकी व्यस्तता को निर्णय का प्रमुख कारण बताया।
27 मार्च 2011 को समस्तीपुर में जन्मे वैभव सूर्यवंशी ने कम उम्र में ही घरेलू क्रिकेट में अपनी पहचान बना ली है। बाएं हाथ के आक्रामक सलामी बल्लेबाज के रूप में वे अपनी बेहतरीन टाइमिंग, निडर बल्लेबाजी और आत्मविश्वास के लिए जाने जाते हैं। फिलहाल उनका पूरा ध्यान क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने पर है।