O Romeo: शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म ‘ओ रोमियो’ (O Romeo) को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। फिल्म की रिलीज़ से पहले ही उस पर खतरा मंडराता नजर आ रहा है। ‘ओ रोमियो’ की रिलीज़ रोकने की मांग की जा रही है।
हुसैन उस्तारा की बेटी सानोबर शेख का दावा है कि यह फिल्म उनके पिता की ज़िंदगी पर आधारित है और इसे बिना परिवार की अनुमति के बनाया गया है। उन्होंने फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला, निर्देशक विशाल भारद्वाज और लेखक हुसैन ज़ै पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
O Romeo लगातार चर्चा में
अब इस मामले की सुनवाई 6 फरवरी 2026 को अदालत में होगी। उसी दिन यह तय किया जाएगा कि फिल्म की रिलीज़ पर रोक लगेगी या नहीं। वहीं फिल्म निर्माताओं और निर्देशक विशाल भारद्वाज की ओर से जवाब दिया गया है कि ‘ओ रोमियो’ एक प्रकाशित किताब ‘मुंबई की माफिया रानियाँ’ से प्रेरित है और यह किसी एक व्यक्ति के जीवन पर सीधे तौर पर आधारित नहीं है। उनका कहना है कि इसलिए परिवार की अनुमति लेना आवश्यक नहीं था।
O Romeo: पिता की छवि को लेकर उठे सवाल
सानोबर शेख के वकील डी.वी. सरोज ने कहा है कि फिल्म में हुसैन उस्तारा को एक गैंगस्टर के रूप में दिखाया गया है, जबकि परिवार का दावा है कि उन्होंने पुलिस के साथ सहयोग किया था और समाज के लिए कई अच्छे काम किए थे। सानोबर का कहना है कि इस तरह की नकारात्मक छवि उनके परिवार के लिए अपूरणीय क्षति पहुंचा सकती है।
सानोबर ने यह भी आरोप लगाया कि फिल्म का निर्माण केवल व्यावसायिक लाभ के उद्देश्य से किया जा रहा है, जिससे उनके परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि उनके बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी शांतिपूर्ण जीवन जीने का अधिकार है।