Bihar News: बिहार के समस्तीपुर जिले से ‘पकड़ौआ विवाह’ का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि बिहार पुलिस की तैयारी कर रहे एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर उसे नशीला पदार्थ पिलाया गया और फिर जबरन उसकी शादी करा दी गई। घटना 7 फरवरी 2026 की रात की बताई जा रही है। इस मामले का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
Bihar News: नशे की हालत में दिखा युवक, वीडियो ने खड़े किए सवाल
युवक का नाम नीतीश कुमार बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में वह पूरी तरह नशे की हालत में नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि उसे होश नहीं था और उसी स्थिति में ‘वरमाला’ की रस्म कराई गई। वीडियो में दिखता है कि वह खुद माला तक नहीं पकड़ पा रहा था। इस दौरान एक अन्य युवक ने उसका हाथ पकड़कर जबरन लड़की के गले में माला पहनाई।
Bihar News: पटोरी थाना क्षेत्र का मामला
पूरी घटना समस्तीपुर जिले के पटोरी थाना क्षेत्र के चकराज अली गांव की बताई जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में ‘पकड़ौआ विवाह’ को लेकर फिर से चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, चकराज अली गांव निवासी शंकर राय की पुत्री लक्ष्मी कुमारी का विवाह शिउरा पंचायत के जोड़ी पोखर गांव निवासी कालेश्वर राय के पुत्र नीतीश कुमार से कराया गया। युवक ने खुद को पीड़ित बताते हुए एक वीडियो जारी कर पूरी घटना की जानकारी दी है।
Bihar News: लाइब्रेरी जाते वक्त उठाने का आरोप
वीडियो में नीतीश कुमार का दावा है कि 7 फरवरी को वह लाइब्रेरी जा रहा था। इसी दौरान गांव के कुछ युवकों ने उसे जबरन उठा लिया। आरोप है कि उसे नशीला पदार्थ खिलाकर मारपीट की गई और मोरवा प्रखंड स्थित खुदनेश्वर स्थान मंदिर में जबरन शादी करा दी गई।
युवक का यह भी आरोप है कि शादी के बाद उसे घर में बंद कर दिया गया, ताकि वह किसी से संपर्क न कर सके।
Bihar News: पुलिस कर रही जांच
पटोरी थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि विवाह आपसी सहमति से हुआ या जबरदस्ती। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।