Nitish Setu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन केबल-स्टे ब्रिज का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य में कई अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इन पहलों को बिहार के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने छठ महापर्व का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लोक आस्था का महापर्व अभी संपन्न हुआ है। बिहार की माताओं और बहनों ने निर्जला व्रत रखकर परिवार, समाज और पूरे जगत के कल्याण की कामना की। अब छठी मैया के आशीर्वाद से राज्य में विकास का पर्व मनाया जा रहा है।
सबका साथ सबका विकास का नारा
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की विकास यात्रा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ी है। लोकतंत्र की शक्ति को जनकल्याण का माध्यम बनाया गया है। एनडीए सरकार अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा कर रही है और इस अवसर के कार्यक्रम के लिए वैशाली की ऐतिहासिक धरती को चुना गया है। उन्होंने बिहार की मिट्टी को नमन करते हुए एनडीए के घटक दलों, कार्यकर्ताओं और राज्य के लोगों को शुभकामनाएं दीं।
बिहार में शासन और विकास के बदलावों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि करीब तीन दशक पहले राज्य ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। लंबे समय तक बदहाली झेलने वाले बिहार को नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का भरोसा मिला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने वर्षों तक मुख्यमंत्री के रूप में राज्य की सेवा की और अब उनके आशीर्वाद से इस अभियान को सम्राट चौधरी और उनकी पूरी टीम आगे बढ़ा रही है।
प्रधानमंत्री ने दिवंगत रामविलास पासवान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उनके सपनों को साकार करने की दिशा में काम हो रहा है और उन्हें विश्वास है कि उनकी आत्मा भी इन विकास कार्यों को देखकर आशीर्वाद दे रही होगी।
पटना और वैशाली के बीच आवागमन होगा आसान
गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन केबल-स्टे ब्रिज को जनता को समर्पित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार के सम्मान में इसका नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। यह बिहारवासियों की ओर से उनके लंबे सार्वजनिक जीवन, सेवा और समर्पण के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि पुल के चालू होने से पटना और वैशाली के बीच यात्रा आसान होगी और लोगों को आवागमन की परेशानियों से राहत मिलेगी। किसानों को अपनी फसल, फल और सब्जियां बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सुविधा होगी। दूध और दही जैसे उत्पादों की ढुलाई भी सुगम होगी। इसके अलावा विद्यार्थियों को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज तथा दवाइयों के लिए आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।
सड़क, ऊर्जा और शहरी परिवहन पर जोर
प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में आधुनिक सड़क नेटवर्क का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में औरंगाबाद-चोरदाहा छह लेन हाईवे का भी उद्घाटन किया गया है। उन्होंने बताया कि इन परियोजनाओं पर सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र में चल रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए बक्सर थर्मल पावर प्लांट के निर्माण और फुलवरिया बांध पर सोलर एनर्जी प्लांट जैसी परियोजनाओं को महत्वपूर्ण बताया। पीएम मोदी ने कहा कि एक समय बिहार के हजारों गांवों तक बिजली नहीं पहुंची थी, जबकि आज राज्य बिजली उत्पादन के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है।
शहरी परिवहन को बेहतर बनाने के लिए कार्यक्रम में 100 आधुनिक ई-बसों को हरी झंडी दिखाई गई। वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को पक्के मकानों की चाबियां सौंपी गईं। प्रधानमंत्री ने इन विकास कार्यों के लिए बिहार के लोगों को बधाई दी।





अपनी राय दें