बिहार के लिए बड़ी घोषणाएं:रविवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश किए गए केंद्रीय बजट 2026-27 में बिहार के लिए कई अहम घोषणाएं की गई हैं। इन फैसलों से राज्य के बुनियादी ढांचे, परिवहन, रोजगार और शहरी विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।
हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की सौगात
देश में प्रस्तावित सात हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर में से एक वाराणसी–सिलीगुड़ी कॉरिडोर का बड़ा हिस्सा बिहार से होकर गुजरेगा। इसका संभावित रूट बक्सर, आरा, पटना और किशनगंज से होकर जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से लंबी दूरी की यात्रा का समय काफी कम होगा और बिहार के लोगों को तेज, आधुनिक और सुविधाजनक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
8 प्रमुख शहरों को विशेष केंद्रीय सहायता
बिहार के पांच लाख से अधिक आबादी वाले आठ शहरों को बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए अतिरिक्त केंद्रीय सहायता दी जाएगी। इससे सड़क, जलापूर्ति, स्वच्छता और अन्य शहरी सुविधाओं के विस्तार को गति मिलेगी।
सभी जिलों में महिला छात्रावास
राज्य के सभी 38 जिलों में छात्राओं के लिए विशेष छात्रावास खोलने की घोषणा की गई है। इससे दूर-दराज के इलाकों से आने वाली छात्राओं को सुरक्षित और बेहतर आवासीय सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा।
बिहार के लिए बड़ी घोषणाएं:सेमीकंडक्टर क्षेत्र में नए अवसर
केंद्र सरकार ने सेमीकंडक्टर सेक्टर को बढ़ावा देने के लिए ‘सेमीकंडक्टर मिशन’ शुरू करने की घोषणा की है। हाल ही में बिहार सरकार ने भी इस क्षेत्र में निवेश आकर्षित करने के लिए नई नीति लागू की है, जिसके तहत 30 हजार करोड़ रुपये के निवेश और दो लाख रोजगार सृजन का लक्ष्य रखा गया है। इससे बिहार को तकनीकी और औद्योगिक रूप से बड़ी मजबूती मिल सकती है।
गंगा कॉरिडोर से आर्थिक मजबूती
बजट में इनलैंड वाटरवे, फ्रेट कॉरिडोर और लॉजिस्टिक्स सुधारों को बढ़ावा देने की घोषणा की गई है, जिसका सीधा लाभ बिहार को मिलेगा। गंगा नदी के जरिए सस्ते परिवहन से सीमेंट, कोयला, कृषि उत्पादों और अन्य सामानों की ढुलाई लागत घटेगी। इससे निर्यात को भी बढ़ावा मिलेगा और राज्य की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।