Bihar: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सीमावर्ती इलाकों में घुसपैठ और अवैध निर्माण के मुद्दे पर कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार, पश्चिम बंगाल और झारखंड में बढ़ती घुसपैठ देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Bihar: 10 किलोमीटर दायरे में अवैध ढांचों पर कार्रवाई
गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा से 10 किलोमीटर के भीतर बने अवैध निर्माणों को चिन्हित कर हटाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसबी को सख्त निगरानी के निर्देश
अररिया के सिकटी स्थित लेटी में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 52वीं वाहिनी के प्रशासनिक व आवासीय भवन के उद्घाटन कार्यक्रम में उन्होंने सीमांचल में जनसांख्यिकीय बदलाव पर भी चिंता जताई। इस मुद्दे की जांच कराने की बात कहते हुए उन्होंने एसएसबी को घुसपैठ और तस्करी रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
सीमावर्ती जिलों में सुरक्षा समीक्षा
अपने तीन दिवसीय सीमांचल दौरे के दौरान गृह मंत्री सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक करेंगे। इसमें सीमा प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा होगी। साथ ही केंद्र सरकार के ‘वाइब्रेंट विलेजेस कार्यक्रम’ के क्रियान्वयन पर भी चर्चा की जाएगी।
बुधवार को उन्होंने किशनगंज में रात्रि विश्राम किया और गुरुवार सुबह अररिया रवाना होने से पहले स्थानीय हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। शुक्रवार को उनका कार्यक्रम पूर्णिया में निर्धारित है, जहां वे प्रशासनिक बैठकों और जनसभाओं में हिस्सा लेंगे।