T20 World Cup 2026: इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराया, विल जैक्स की तूफानी पारी से पलटा मैच

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड में शुक्रवार को खेले गए अहम मुकाबले में इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को 4 विकेट से शिकस्त दी। 160 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 3 गेंद शेष रहते 6 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। जीत के नायक रहे विल जैक्स, जिन्होंने अंतिम ओवरों में विस्फोटक बल्लेबाजी कर हारी हुई बाजी पलट दी।

 

शुरुआती झटकों से लड़खड़ाई इंग्लैंड

 

160 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। फिल सॉल्ट महज 2 रन बनाकर मैट हेनरी का शिकार बने, जबकि जोस बटलर बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। शुरुआती दो विकेट जल्दी गिरने के बाद कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने पारी संभालने की कोशिश की।

 

दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 48 रनों की साझेदारी हुई। ब्रूक ने 24 गेंदों में 26 रन बनाए, जबकि बेथेल ने 4 चौकों की मदद से 21 रन जोड़े। हालांकि, 58 रन तक पहुंचते-पहुंचते इंग्लैंड के चार विकेट गिर चुके थे।

 

T20 World Cup 2026: करन-बैंटन ने संभाली पारी, फिर संकट

 

सैम करन और टॉम बैंटन ने पांचवें विकेट के लिए 42 रन जोड़कर टीम को मुकाबले में बनाए रखा। करन ने 22 गेंदों में 24 रन बनाए, जबकि बैंटन ने 3 चौके और एक छक्के की मदद से 33 रनों की अहम पारी खेली।

 

लेकिन 117 रन के स्कोर पर छठा विकेट गिरते ही इंग्लैंड की जीत मुश्किल नजर आने लगी।

 

T20 World Cup 2026: विल जैक्स और रेहान अहमद की धमाकेदार साझेदारी

 

मुकाबले का रुख 18वें ओवर में पूरी तरह बदल गया। विल जैक्स ने ग्लेन फिलिप्स के ओवर में 22 रन बटोरकर मैच इंग्लैंड की झोली में डाल दिया।

 

जैक्स ने 18 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाए, जबकि रेहान अहमद ने सिर्फ 7 गेंदों पर 19 रन जड़ दिए। दोनों के बीच मात्र 16 गेंदों में 44 रनों की अटूट साझेदारी हुई, जिसने इंग्लैंड को 4 विकेट से शानदार जीत दिला दी।

 

T20 World Cup 2026: न्यूजीलैंड की तेज शुरुआत, लेकिन मध्यक्रम रहा फ्लॉप

 

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 159 रन बनाए। टिम सीफर्ट और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 6.6 ओवर में 64 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

 

सीफर्ट ने 25 गेंदों में 35 रन बनाए, जबकि एलन ने 19 गेंदों में 29 रन जोड़े। हालांकि, रचिन रविंद्र 11 रन बनाकर आउट हो गए।

 

ग्लेन फिलिप्स ने 28 गेंदों में 39 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। डेरिल मिचेल (3 रन) और मार्क चैपमैन (15 रन) बड़ी पारी नहीं खेल सके। कप्तान मिचेल सैंटनर 9 रन बनाकर नाबाद रहे।

 

T20 World Cup 2026: गेंदबाजी में इंग्लैंड का दम

 

इंग्लैंड की ओर से आदिल रशीद ने 4 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट झटके। विल जैक्स और रेहान अहमद ने भी दो-दो विकेट लेकर न्यूजीलैंड को बड़े स्कोर से रोका।

 

सेमीफाइनल की राह हुई मुश्किल

 

इस हार के साथ न्यूजीलैंड की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। अब कीवी टीम की निगाहें शनिवार को होने वाले श्रीलंका और पाकिस्तान के मुकाबले पर टिकी हैं। न्यूजीलैंड को आगे बढ़ने के लिए श्रीलंका की जीत की दुआ करनी होगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *