Kuwait Drone Attack: पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच कुवैत के एक एयर डिफेंस सर्विलांस स्टेशन पर ड्रोन हमले के दौरान दो इतालवी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हुए हैं। कुवैत के अधिकारियों के मुताबिक, एयर डिफेंस सिस्टम ने कई ड्रोन को रोकने की कोशिश की। इंटरसेप्ट किए गए ड्रोन के मलबे की चपेट में आने से जानलेवा हादसा हुआ।
एयर डिफेंस स्टेशन पर तैनात थे टेक्नीशियन
कुवैत के रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल सौद अब्दुलअजीज अल-अतवान ने बताया कि देश के एयर डिफेंस सिस्टम ने कई ड्रोन हमलों को नाकाम किया। इस दौरान मलबा गिरने से दो इतालवी नागरिकों की मौत हुई और दो अन्य घायल हो गए।
इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो ताजानी ने बताया कि मृतक दोनों टेक्नीशियन थे। वे जर्मन रक्षा कंपनी रीनमेटाल की इतालवी इकाई में काम करते थे और कुवैत के एक एयर डिफेंस सर्विलांस स्टेशन पर तैनात थे। घटना में एक कुवैती और एक पाकिस्तानी नागरिक भी घायल हुआ है।
ईरान ने हमले से किया इनकार
ईरान ने कुवैत में हमला करने के आरोपों को खारिज किया है। ईरान के वरिष्ठ सैन्य प्रवक्ता जनरल अबुलफजल शेकर्ची ने कहा कि तेहरान ने खाड़ी क्षेत्र में कोई सैन्य या आक्रामक अभियान नहीं चलाया।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा कि उनका देश कुवैत के साथ मिलकर घटना की जांच करने और वास्तविक जिम्मेदार लोगों की पहचान करने के लिए तैयार है। इस तरह, हमले को लेकर कुवैत और ईरान के दावों में अंतर बना हुआ है।
ईरानी राष्ट्रपति का एकजुटता पर जोर
ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने प्रतिबंधों, सैन्य हमलों और बाहरी दबाव के बावजूद देश के विकास पर जोर दिया। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उन्होंने घरेलू क्षमताओं और लोगों की भागीदारी को प्रगति का आधार बताया तथा कठिन परिस्थितियों में नागरिकों से एकजुट रहने का आह्वान किया।
क्षेत्र में बढ़ा तनाव
कुवैत में हुई यह घटना पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के बीच सामने आई है। फिलहाल हमले की जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। कुवैत और ईरान की ओर से सामने आए अलग-अलग बयानों के बाद जांच और आधिकारिक पुष्टि पर नजर बनी हुई है।





अपनी राय दें