उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का चयन अब तय हो गया है। शनिवार को पंकज चौधरी ने पार्टी कार्यालय में अपना नामांकन दाखिल किया, जबकि उनके खिलाफ कोई और नामांकन नहीं हुआ। इसके साथ ही उनका प्रदेश अध्यक्ष बनना सुनिश्चित हो गया है।
नामांकन से पहले पंकज चौधरी ने बताया कि बीजेपी के सभी सांसदों को प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव में भाग लेने के लिए बुलाया गया है।
शनिवार(13 दिसंबर) दोपहर करीब 1 बजे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पार्टी कार्यालय पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया और ‘प्रभु राम’ और ‘हर-हर महादेव’ के नारे लगाए। मुख्यमंत्री योगी ने भी हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया।
पार्टी कार्यालय में इस समय बीजेपी के कई प्रमुख नेता उपस्थित थे, जिनमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और कई अन्य वरिष्ठ नेता पंकज चौधरी के प्रस्तावक बने।
बता दें कि शाम तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और अगर कोई नाम वापस लेने की स्थिति में होता है तो वह भी तय हो जाएगा। रविवार को केंद्रीय चुनाव अधिकारी और मंत्री पीयूष गोयल द्वारा यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की औपचारिक घोषणा की जाएगी।
पंकज चौधरी के प्रस्तावकों में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, स्मृति ईरानी, स्वतंत्र देव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, ए.के. शर्मा, कमलेश पासवान, असीम अरुण, सुरेश कुमार खन्ना और बेबी रानी मौर्य जैसे कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
इससे पहले, पूर्व सांसद और केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति भी पार्टी कार्यालय पहुंची थीं। उन्होंने कहा कि वे केवल संगठन पर्व में शामिल होने आई हैं और उनकी किसी भी प्रकार की व्यक्तिगत अपेक्षाएं नहीं हैं।
केंद्रीय चुनाव अधिकारी पीयूष गोयल के नेतृत्व में चुनाव प्रक्रिया पूरी होगी, और केंद्रीय पर्यवेक्षक विनोद तावड़े की उपस्थिति में यह चुनाव सर्वसम्मति से संपन्न होने की संभावना है।
- इस पूरे चुनाव प्रक्रिया से यह साफ हो रहा है कि पंकज चौधरी का प्रदेश अध्यक्ष के रूप में चयन केंद्रीय नेतृत्व की पूरी सहमति और समर्थन के साथ होने जा रहा है।
