Pathankot BSF Intruder: पंजाब के पठानकोट में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने नाकाम कर दिया। पहाड़पुर बॉर्डर पोस्ट के पास उझ नदी क्षेत्र में तड़के एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गोली मार दी गई। अधिकारियों के मुताबिक, उसे रुकने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन वह सीमा की ओर बढ़ता रहा।
तड़के 2 बजे की घटना
घटना शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे पठानकोट में उझ नदी के पास पहाड़पुर बॉर्डर पोस्ट इलाके में हुई। अधिकारियों के अनुसार, BSF जवानों ने सीमा क्षेत्र में एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि देखी और उसे रुकने के लिए कहा। चेतावनी के बावजूद वह अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर आगे बढ़ता रहा, जिसके बाद जवानों ने गोली चलाई।
घटना के बाद सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई। फिलहाल घुसपैठिए की पहचान और उसके सीमा पार आने के उद्देश्य को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
सर्दियों में सीमा पर निगरानी तेज
सर्दियों के मौसम में धुंध और कम दृश्यता के कारण सीमा पर निगरानी की चुनौती बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है।
सीमा क्षेत्र में सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि धुंध की आड़ में कोई संदिग्ध गतिविधि न हो सके। पुलिस और BSF की ओर से संयुक्त सर्च ऑपरेशन भी तेज किए गए हैं।
पुलिस नाकों पर सतर्कता के निर्देश
सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस नाकों पर तैनात कर्मचारियों को सतर्क रहने और जांच में सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां सीमा से जुड़े संवेदनशील इलाकों में निगरानी बनाए हुए हैं।
पठानकोट में हुई इस घटना के बाद सीमा सुरक्षा और घुसपैठ रोकने के लिए जारी निगरानी अभियान पर फिर ध्यान केंद्रित हुआ है।





अपनी राय दें