Gopalganj News: बिहार के गोपालगंज जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे नहीं मिलने पर एक व्यक्ति ने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गुस्से में उसने चाकू से अपना ही गला रेत लिया। गंभीर रूप से घायल युवक को आनन-फानन में गोपालगंज सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर करने की तैयारी की जा रही है।
Gopalganj News: शराब का आदी था शख्स
यह घटना कुचायकोट थाना क्षेत्र के करवतही बाजार की है। घायल की पहचान करवतही गांव निवासी 38 वर्षीय मुन्ना मियां के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, मुन्ना मियां शराब का आदी है। उसकी पत्नी मुन्नी खातून गांव-गांव घूमकर चूड़ियां बेचकर परिवार का खर्च चलाती है।
Gopalganj News: शराब के लिए पत्नी से मांगे पैसे
बताया जा रहा है कि रविवार को मुन्ना मियां ने शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे मांगे, लेकिन पत्नी ने साफ इनकार कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर मुन्ना मियां ने चाकू से अपने ही गले पर वार कर लिया।
घटना के बाद परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल उसे गोपालगंज सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर बताते हुए बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। फिलहाल चिकित्सकों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही है।
Gopalganj News: पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलते ही कुचायकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में घरेलू विवाद के बाद युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की बात सामने आई है। हालांकि, मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।