Bihar Vidhansabha Winter Session: बिहार की राजनीति और वित्तीय फैसलों के लिहाज से नवंबर का आखिरी दिन अहम रहने वाला है। बिहार विधानमंडल का शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से शुरू होकर 4 दिसंबर 2026 तक चलेगा। पांच दिनों में सदन में वित्तीय वर्ष 2026-27 का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश होगा, उस पर चर्चा और मतदान होगा तथा सरकारी विधेयकों पर भी कार्यवाही की जाएगी।
सत्र के लिए जारी कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा की कुल पांच बैठकें प्रस्तावित हैं। पहले दिन बजट पेश करने के साथ सदन की औपचारिक कार्यवाही शुरू होगी, जबकि अंतिम दिन गैर-सरकारी सदस्यों के संकल्प लिए जाएंगे।

30 नवंबर: बजट पेश और शोक प्रकाश
सोमवार, 30 नवंबर को सुबह 11 बजे सत्र की शुरुआत होगी। सरकार वित्तीय वर्ष 2026-27 का दूसरा अनुपूरक बजट सदन में पेश करेगी। नए सदस्यों को शपथ या प्रतिज्ञान दिलाने की कार्यवाही भी हो सकती है। पिछले सत्र के बाद राज्यपाल की ओर से जारी अध्यादेशों की प्रतियां सदन के पटल पर रखी जाएंगी। इसके बाद दिवंगत लोगों के सम्मान में शोक प्रकाश किया जाएगा।
1 और 2 दिसंबर: सरकारी विधेयकों पर जोर
मंगलवार, 1 दिसंबर और बुधवार, 2 दिसंबर को राजकीय विधेयकों तथा सरकारी कामकाज को प्राथमिकता दी जाएगी। इन दिनों सरकार की ओर से प्रस्तुत विधेयकों को सदन में रखा जाएगा और निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन पर चर्चा होगी।
3 दिसंबर: अनुपूरक बजट पर बहस और मतदान
गुरुवार, 3 दिसंबर को द्वितीय अनुपूरक बजट पर विस्तार से चर्चा होगी। विधायक वित्तीय प्रस्तावों पर अपनी बात रखेंगे। चर्चा के बाद बजट पर मतदान कराया जाएगा। अनुपूरक मांगों के तहत अतिरिक्त राशि खर्च करने की मंजूरी से जुड़ा विनियोग विधेयक भी इसी दिन पेश किया जाएगा।
4 दिसंबर: संकल्पों के साथ सत्र का समापन
शुक्रवार, 4 दिसंबर सत्र का अंतिम दिन होगा। इस दिन गैर-सरकारी सदस्यों के संकल्प सदन में लिए जाएंगे। इसके लिए विधायकों को तय समयसीमा में सूचना देनी होगी। नियम के अनुसार एक सदस्य एक दिन में एक से अधिक गैर-सरकारी संकल्पों की सूचना नहीं दे सकेगा।
बिहार विधानसभा सत्र 2026: पूरा शेड्यूल
- 30 नवंबर, सोमवार: सुबह 11 बजे शुरुआत, अनुपूरक बजट पेश, शपथ/प्रतिज्ञान, अध्यादेशों की प्रतियां और शोक प्रकाश।
- 1 दिसंबर, मंगलवार: राजकीय विधेयक और सरकारी कार्य।
- 2 दिसंबर, बुधवार: विधेयकों पर चर्चा और अन्य सरकारी कामकाज।
- 3 दिसंबर, गुरुवार: अनुपूरक बजट पर बहस, मतदान और विनियोग विधेयक।
- 4 दिसंबर, शुक्रवार: गैर-सरकारी सदस्यों के संकल्प और सत्र का समापन।
पांच दिनों का यह सत्र राज्य सरकार के वित्तीय प्रस्तावों और विधायी एजेंडे के लिए महत्वपूर्ण रहेगा। अनुपूरक बजट पर चर्चा और मतदान के बाद सरकार को अतिरिक्त खर्चों के लिए सदन की मंजूरी मिलने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।





अपनी राय दें