Baghpat News: बागपत जिले के दोघट थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला केस सामने आया है। टीकरी कस्बे की रहने वाली एक विवाहित महिला ने अपने जेठ के बेटे के साथ चल रहे प्रेम संबंध को वैलेंटाइन डे पर सार्वजनिक रूप से स्वीकार कर लिया। परिवार और गांव के लोगों की मौजूदगी में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और साथ रहने का निर्णय लिया।
जानकारी के अनुसार, महिला की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि महिला का अपने जेठ के बेटे के साथ लगभग पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। गांव के कई लोगों ने दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपने फैसले पर अड़े रहे।
Baghpat News: पाचं वार्षो से चल रहा था संबंछ
शुक्रवार शाम महिला, उसका पति, कथित प्रेमी और परिवार के कुछ सदस्य दोघट थाने पहुंचे। वहां पुलिस को बताया गया कि दोनों अपनी मर्जी से गांव छोड़कर बाहर जाकर मजदूरी कर जीवन यापन करेंगे। थाने के बाहर ही दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर साथ रहने का ऐलान किया। बताया जाता है कि उन्होंने लिखित रूप में भी अपनी सहमति दी।
महिला के पति का कहना है कि उसने यह फैसला अपनी और बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। वहीं, महिला के मायके पक्ष के लोग इस घटनाक्रम में शामिल नहीं हुए। उनका कहना है कि अब उनका बेटी से कोई संबंध नहीं है।
इस मामले में दोघट थाना प्रभारी सूर्यदीप सिंह ने बताया कि थाने में इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उनके अनुसार, थाने के बाहर दोनों द्वारा वरमाला पहनने की जानकारी मिली है, इससे अधिक आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
घटना के बाद दोनों गांव छोड़कर चले गए, जबकि महिला के दोनों बच्चे अपने पिता के पास ही रह गए हैं। इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।