Shatak Movie: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्ष पूरे होने पर बनी हिंदी फीचर फिल्म ‘शतक: राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के 100 वर्ष’ को छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में टैक्स फ्री करने का फैसला किया है। वाणिज्यिक कर विभाग की ओर से जारी आदेश के मुताबिक यह फिल्म 28 फरवरी 2026 से अगले छह महीनों तक कर मुक्त रहेगी।
सरकार के इस निर्णय के बाद राज्य में फिल्म को लेकर चर्चा तेज हो गई है। आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि फिल्म को विशेष श्रेणी में रखते हुए कर से छूट दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह फिल्म आरएसएस की ऐतिहासिक और वैचारिक यात्रा को दर्शाती है, इसलिए इसे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
Shatak Movie: टिकट होंगे सस्ते, दर्शकों को सीधा फायदा
टैक्स फ्री होने का सीधा असर टिकट की कीमतों पर पड़ेगा। आदेश के अनुसार, फिल्म के प्रदर्शन पर देय राज्य माल एवं सेवा कर (एसजीएसटी) की राशि के बराबर रकम की प्रतिपूर्ति की जाएगी, जिससे दर्शकों को कर में राहत मिलेगी।
सिनेमा हॉल और मल्टीप्लेक्स को निर्देश दिया गया है कि वे टिकट जारी करते समय एसजीएसटी घटाकर ही कीमत तय करें और सामान्य प्रवेश शुल्क में किसी तरह की बढ़ोतरी न करें।
Shatak Movie: कैसे होगी कर की भरपाई?
सरकारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सेवा प्रदाता मल्टीप्लेक्स और सिनेमा घर पहले निर्धारित कर राशि का भुगतान करेंगे। इसके बाद राज्य सरकार उस राशि की प्रतिपूर्ति करेगी।
राज्य सरकार का मानना है कि इस फैसले से दर्शकों की संख्या बढ़ेगी और फिल्म को व्यापक पहुंच मिलेगी।