परिसीमन विधेयक पर डीएमके के समर्थन के फैसले को बदलने की कोशिश में इंडी गठबंधन के वरिष्ठ नेता रविवार को चेन्नई पहुंचे और मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से मुलाकात की। संसद के विशेष सत्र से एक दिन पहले हुई इस बैठक में कांग्रेस समेत गठबंधन के नेताओं ने स्टालिन से केंद्र सरकार के संशोधित परिसीमन विधेयक पर पार्टी के रुख पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
स्टालिन के आवास पर हुई बैठक, कांग्रेस नेताओं का विरोध भी
बैठक स्टालिन के चित्तरंजन रोड स्थित आवास पर हुई। जब गठबंधन के नेता वहां पहुंचे, तो डीएमके महिला विंग के कुछ नेताओं ने पोस्टर और बैनर के साथ ‘कांग्रेस गो बैक’ के नारे लगाए और कांग्रेस नेताओं का विरोध किया।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शामिल हुए। इनके अलावा कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी भी चेन्नई पहुंचे।
परिसीमन और राज्यों के प्रतिनिधित्व को लेकर चिंता
बैठक में प्रमुख मुद्दा लोकसभा सीटों के वितरण के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले जनसंख्या आंकड़ों और राज्यों के प्रतिनिधित्व का था। डीएमके पहले परिसीमन प्रस्ताव को लेकर चिंता जता चुकी है। पार्टी का तर्क रहा है कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों की संसद में हिस्सेदारी प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
शनिवार को चेन्नई स्थित डीएमके मुख्यालय अन्ना अरिवालयम में सांसदों की बैठक के बाद स्टालिन ने पार्टी के समर्थन के फैसले की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा था कि संशोधित विधेयक में परिसीमन के लिए 1971 की जनसंख्या को आधार बनाने का प्रावधान बताया गया है और इसी आधार पर डीएमके विधेयक का समर्थन करेगी।
उदयनिधि बोले- अंतिम निर्णय स्टालिन करेंगे
रविवार को बैठक से पहले तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन ने कहा था कि कांग्रेस नेताओं का डीएमके अध्यक्ष से मिलने के लिए स्वागत है। परिसीमन विधेयक पर पार्टी के रुख में बदलाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय एमके स्टालिन करेंगे और तमिलनाडु के हितों को ध्यान में रखेंगे।
कांग्रेस के लिए यह बैठक अहम मानी जा रही है, क्योंकि पार्टी परिसीमन विधेयक के खिलाफ विपक्षी समर्थन जुटाने की कोशिश कर रही है। डीएमके के लोकसभा में 22 सांसद हैं और उनके समर्थन को लेकर गठबंधन नेतृत्व स्टालिन से सीधे बातचीत करना चाहता है।
केंद्र सरकार सोमवार को संसद के विशेष सत्र में संशोधित परिसीमन विधेयक पेश करने की तैयारी में है। इसी से पहले विपक्षी दलों के बीच समर्थन और रणनीति को लेकर संपर्क तेज हुआ है।





अपनी राय दें