Parliamentary Representation: परिसीमन को लेकर भारत में बहस तेज है। दुनिया के प्रमुख लोकतंत्रों में मतदाताओं और निर्वाचित प्रतिनिधियों के अनुपात की तुलना बताती है कि भारत में एक लोकसभा सांसद औसतन 26.3 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता है। यह संख्या अमेरिका के मुकाबले करीब तीन गुना और ब्रिटेन की तुलना में बहुत अधिक है।
अमेरिका में प्रतिनिधि सभा का एक सदस्य औसतन करीब 8.02 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता है, जबकि ब्रिटेन में हाउस ऑफ कॉमन्स के एक सांसद के निर्वाचन क्षेत्र में लगभग 1.08 लाख लोग आते हैं। भारत में एक सांसद के हिस्से औसतन 26.3 लाख नागरिक आते हैं।

प्रमुख लोकतंत्रों में एक सांसद पर कितनी आबादी?
विभिन्न देशों की संसदीय व्यवस्था में प्रतिनिधियों और आबादी का अनुपात अलग-अलग है। यूरोप की कई बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में यह संख्या करीब एक लाख से डेढ़ लाख के बीच है। ब्रिटेन में लगभग 1.08 लाख, कनाडा में 1.18 लाख, फ्रांस में 1.20 लाख, नीदरलैंड में 1.23 लाख, जर्मनी में 1.33 लाख और इटली में करीब 1.47 लाख लोग एक सांसद के प्रतिनिधित्व में आते हैं।
दक्षिण अफ्रीका में एक सांसद करीब 1.64 लाख और ऑस्ट्रेलिया में लगभग 1.82 लाख लोगों का प्रतिनिधित्व करता है।
छोटे यूरोपीय देशों में प्रतिनिधित्व का अनुपात कम
यूरोप के कुछ छोटे देशों में सांसदों के निर्वाचन क्षेत्र की आबादी काफी कम है। आइसलैंड में एक सांसद के हिस्से औसतन 6.39 हजार लोग हैं, जबकि लक्जमबर्ग में यह आंकड़ा करीब 11.46 हजार है।
फिनलैंड में एक सांसद लगभग 28.11 हजार, स्वीडन में 30.66 हजार, आयरलैंड में 30.79 हजार और नॉर्वे में करीब 33.45 हजार लोगों का प्रतिनिधित्व करता है।
एशिया में जापान और ताइवान के आंकड़े
एशिया में ताइवान में एक सांसद के निर्वाचन क्षेत्र में औसतन 2.04 लाख लोग आते हैं, जबकि जापान में यह संख्या करीब 2.63 लाख है।
परिसीमन की बहस में क्यों अहम हैं ये आंकड़े?
भारत में परिसीमन को लेकर चर्चा के बीच ये आंकड़े प्रतिनिधित्व के भार को समझने का एक पैमाना देते हैं। निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्गठन से लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने तथा सांसदों और विधायकों पर मतदाताओं के प्रतिनिधित्व का भार कम करने की संभावना पर चर्चा हो रही है। प्रस्तावित परिसीमन को लेकर विपक्षी दलों ने चिंता और विरोध भी जताया है।
हालांकि, देशों की संसद की संरचना, निर्वाचन प्रणाली और राजनीतिक व्यवस्था अलग-अलग होती है। इसलिए आबादी-प्रतिनिधि अनुपात प्रतिनिधित्व के भार की तुलना का संकेत देता है, लोकतंत्र की गुणवत्ता की सीधी रैंकिंग नहीं।
फोटो: AI निर्मित (सांकेतिक)





अपनी राय दें