Thailand: के दक्षिणी प्रांत सोंगखला में बुधवार को एक स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक हथियारबंद व्यक्ति ने घुसकर गोलीबारी कर दी और कुछ छात्रों व शिक्षकों को बंधक बना लिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना की जानकारी प्रांतीय प्रशासन ने सोशल मीडिया के जरिए दी।
Thailand: हाट याई स्थित स्कूल में मचा हड़कंप
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, सोंगखला के हाट याई इलाके में स्थित एक स्कूल में बंदूकधारी ने शिक्षकों और छात्रों को बंधक बना लिया था। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, माए ताप्तिम याला फाउंडेशन ने अपने फेसबुक पेज पर शाम 4:59 बजे पोस्ट कर बताया कि टैम्बोन पातोंग के पातोंग प्रथान खिरिवात स्कूल में एक हथियारबंद शख्स ने हमला कर गोलियां चलाईं।
फाउंडेशन ने जानकारी दी कि एक शिक्षक घायल हुआ है, जिसे अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत स्कूल परिसर को घेर लिया।
क्लास खत्म होने से पहले स्कूल में घुसा हमलावर
पुलिस के अनुसार, हमलावर उस समय स्कूल में घुसा जब दिन की कक्षाएं समाप्त होने वाली थीं। उसने कुछ शिक्षकों और छात्रों को बंधक बना लिया, जबकि कई छात्र डर के मारे स्कूल बिल्डिंग के अंदर फंसे रहे।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हाट याई पुलिस ने स्पेशल फोर्स टीम गठित कर स्कूल को चारों ओर से घेर लिया। बचाव दलों को भी मौके पर भेजा गया, ताकि अधिक से अधिक छात्रों और स्टाफ को सुरक्षित बाहर निकाला जा सके।
बातचीत के जरिए हालात काबू में
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बंदूकधारी से बातचीत के लिए जिले और गांव के मुखियाओं को भी साथ लाया गया। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे सुरक्षा कारणों से स्कूल के आसपास न जाएं और केवल सरकारी एजेंसियों या विश्वसनीय स्रोतों से जारी अपडेट्स पर ही भरोसा करें।
फिलहाल हाट याई पुलिस स्टेशन के अधिकारी, स्पेशल ऑपरेशन फोर्स और रेस्क्यू यूनिट्स ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हालात को नियंत्रित कर लिया है और हमलावर को हिरासत में ले लिया गया है। मामले की आगे जांच जारी है।