वॉशिंगटन एयरपोर्ट पर दो अमेरिकन एयरलाइंस विमानों के पंख टकराने की घटना सामने आई है। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी स्थित रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट पर टैक्सीवे में उड़ान से पहले आगे बढ़ रहे दो विमानों के विंग आपस में भिड़ गए। घटना में किसी यात्री या क्रू सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।

कैसे हुई टक्कर?
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) के मुताबिक, घटना शुक्रवार शाम स्थानीय समय करीब 5:10 बजे हुई। टैक्सीवे पर आगे बढ़ते समय अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 638 का विंग फ्लाइट 2152 के विंग से टकरा गया। दोनों विमान उड़ान भरने से पहले एयरपोर्ट परिसर में टैक्सी कर रहे थे।
दोनों विमान गेट पर लौटे
अमेरिकन एयरलाइंस ने बताया कि टक्कर के बाद दोनों विमानों को वापस गेट पर लाया गया। एयरलाइन की मेंटेनेंस टीमों ने जांच के लिए विमानों को सेवा से हटा दिया। दोनों विमान बोइंग 737-800 मॉडल के बताए गए हैं।
फ्लाइट 2152 को शिकागो के ओ’हेयर इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाना था, जबकि फ्लाइट 638 की मंजिल डलास-फोर्ट वर्थ थी। यात्रियों को सुरक्षित विमान से उतारा गया और उनकी आगे की यात्रा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
यात्रियों ने महसूस किया तेज झटका
विमान में मौजूद एक यात्री के मुताबिक, टैक्सी करते समय विमान के दाहिने हिस्से में अचानक तेज झटका महसूस हुआ। विमान हिलने से केबिन में बैठे यात्री घबरा गए। खिड़की से देखने पर जमीन पर विमान का एक हिस्सा पड़ा दिखाई दिया और दूसरे विमान का विंग उसके ऊपर आ गया था।
FAA करेगा जांच
एयर ट्रैफिक कंट्रोल की बातचीत में टक्कर की सूचना मिलने के बाद आपातकालीन और दमकल कर्मियों को मौके पर भेजने का निर्देश सुनाई दिया। दोनों विमानों को गेट पर लौटने के लिए कहा गया। FAA ने घटना की जांच करने की बात कही है। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि टैक्सीवे पर दोनों विमानों के विंग किस परिस्थिति में एक-दूसरे से टकराए।
एयरपोर्ट की सुरक्षा पर फिर चर्चा
यह घटना ऐसे एयरपोर्ट पर हुई है जहां जनवरी 2025 में एक यात्री विमान और सैन्य हेलीकॉप्टर की हवा में टक्कर के बाद 67 लोगों की मौत हुई थी। हालांकि, शुक्रवार की घटना उड़ान से पहले टैक्सीवे पर हुई और इस बार किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
विमानों के विंग आपस में टकराने की घटना के कारणों का आधिकारिक विवरण जांच के बाद सामने आएगा। फिलहाल एयरलाइन ने दोनों विमानों को तकनीकी जांच के लिए रोक दिया है।




