CM Yogi Mother Passed Away: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। उन्होंने शुक्रवार, 20 नवंबर को उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। परिवार की ओर से उनके निधन की पुष्टि की गई है। इस खबर के बाद पंचूर गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पंचूर गांव स्थित आवास पर ली अंतिम सांस
मिली जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी पिछले कुछ समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। वह पंचूर गांव में अपने छोटे बेटे के साथ रहती थीं। शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उनके निधन की सूचना सामने आई। उनके निधन की खबर से परिवार, गांव और मुख्यमंत्री के शुभचिंतकों में शोक है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने संदेश में इसे अत्यंत दुखद बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य देने की प्रार्थना की।
https://x.com/pushkardhami/status/2123676121917169862?a=7ExU-FlrG9ZTgUhsxAg&s=20
हरिद्वार में अंतिम संस्कार की तैयारी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी का पार्थिव शरीर शनिवार को हरिद्वार ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किए जाने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के भी हरिद्वार पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। अंतिम संस्कार के कार्यक्रम और मुख्यमंत्री के दौरे से जुड़ी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
पहले भी बिगड़ी थी तबीयत, ऋषिकेश एम्स में हुई थीं भर्ती
सावित्री देवी को उम्र संबंधी परेशानियों के चलते पहले भी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। मई 2024 में तबीयत बिगड़ने पर उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) के जिरियाट्रिक वार्ड में भर्ती कराया गया था। उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे। जांच और उपचार के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।
पंचूर गांव में रहता है योगी आदित्यनाथ का परिवार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव पंचूर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर क्षेत्र में स्थित है। उनका परिवार आज भी इसी गांव में रहता है। योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का अप्रैल 2020 में निधन हुआ था। अब माता सावित्री देवी के निधन से परिवार ने एक और बड़ी क्षति झेली है।





अपनी राय दें