Thar Ka Kahar: ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बिना नंबर की काली थार गाड़ी में सवार युवक पेट्रोल पंप से फुल टैंक डीजल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए फरार हो गया। जब पेट्रोल पंप कर्मी ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
Thar Ka Kahar: फुल टैंक डीजल भरवाकर दादरी बाईपास की ओर फरार
पुलिस के मुताबिक, एनटीपीसी कट के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर बिना नंबर की काली थार पहुंची। चालक ने गाड़ी में डीजल फुल टैंक भरवाया, लेकिन भुगतान करने के बजाय तेज रफ्तार में वाहन को दादरी बाईपास की तरफ दौड़ा दिया।
घटना को देख पंप पर तैनात सेल्समैन कुलदीप शर्मा (पुत्र नरेंद्र शर्मा), निवासी दादरी, अपनी मोटरसाइकिल से आरोपी के पीछे निकल पड़ा।
Thar Ka Kahar: रोकने की कोशिश में टक्कर, कई लोग बाल-बाल बचे
दादरी बाईपास स्थित कोट चौकी क्षेत्र में कुलदीप ने थार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। इसी दौरान तेज रफ्तार थार ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे कुलदीप सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए रास्ते में अन्य बाइक सवारों को भी टक्कर मारी। आरोप है कि घायल सेल्समैन को कुछ दूरी तक घसीटा भी गया।
Thar Ka Kahar: 10 किलोमीटर पीछा कर पुलिस ने दबोचा
घटना की सूचना मिलते ही थाना बादलपुर, दादरी और जारचा पुलिस ने संयुक्त रूप से घेराबंदी की। पुलिस टीमों ने करीब 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद थार को पकड़ लिया।
आरोपी की पहचान हर्ष पुत्र मनोज (22 वर्ष), निवासी ग्राम जोली, थाना सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे वाहन सहित हिरासत में ले लिया है।
Thar Ka Kahar: घायल की हालत सामान्य, CCTV में कैद हुई वारदात
घायल सेल्समैन कुलदीप शर्मा को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस के अनुसार उनकी स्थिति अब सामान्य बताई जा रही है।
पूरी घटना पेट्रोल पंप और मार्ग में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है। थाना बादलपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।