Bihar: बिहार की राजनीति में बड़ी खबर सामने आई है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुद सोशल मीडिया के जरिए ऐलान किया है कि वह इस बार राज्यसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसके साथ ही उन्होंने राज्य में नई सरकार बनने के संकेत भी दिए हैं और कहा है कि नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और समर्थन मिलेगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर मुख्यमंत्री ने पिछले दो दशकों से अधिक समय तक मिले जनसमर्थन के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि जनता के विश्वास और समर्थन की बदौलत ही बिहार ने विकास और सम्मान का नया आयाम स्थापित किया है।
उन्होंने यह भी कहा कि अपने संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वह बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। इसी क्रम में वह इस बार राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखते हैं।
Bihar: बिहार की जनता से संबंध
मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाते हुए कहा कि राज्यसभा जाने के बाद भी उनका बिहार और यहां की जनता के साथ संबंध पहले की तरह ही बना रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के विकास के लिए उनका संकल्प जारी रहेगा और जो नई सरकार बनेगी, उसे उनका पूरा समर्थन और मार्गदर्शन मिलता रहेगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस ऐलान के बाद राज्य की राजनीति में हलचल मच गई है और अब सबकी नजर आगामी राजनीतिक घटनाक्रम पर टिकी हुई है।