Sports Day: डॉ भीमराव अंबेडकर महाविद्यालय में 30वां वार्षिक खेल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर देश के जाने-माने एमएमए फाइटर, अभिनेता और एथलीट संग्राम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में उनके कोच भूपेंद्र सिंह, प्रो पी सी पातंजलि, सामाजिक कार्यकर्ता देवेंद्र यादव और वरिष्ठ पत्रकार मुकेश केजरीवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. सदानंद प्रसाद और शारीरिक शिक्षा संयोजक डॉ. के.के. शर्मा की भी गरिमामयी उपस्थिति रही।
Sports Day: संग्राम सिंह ने किया संबोधित
खेल दिवस के दौरान टग ऑफ वॉर, दौड़ सहित कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण और मशाल प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि संग्राम सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि किसी देश की असली ताकत उसकी सेना और युवा होते हैं। उन्होंने कहा, “मैं हारता कभी नहीं, या तो जीतता हूं या सीखता हूं।” उन्होंने भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और सुभाष चंद्र बोस को अपना आदर्श बताते हुए युवाओं से प्रेरणा लेने की अपील की।
संग्राम सिंह ने युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वास्थ्य पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि असली हार तब होती है जब हम खुद को नहीं पहचानते।
Sports Day: हार से इंसान को मिलती है प्रेरणा
प्रो. पी.सी. पातंजलि ने संग्राम सिंह को एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व बताया, वहीं प्राचार्य प्रो. सदानंद प्रसाद ने कहा कि खेल गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
वरिष्ठ पत्रकार मुकेश केजरीवाल ने कहा कि हार इंसान को आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है और मेहनत व ईमानदारी से सफलता जरूर मिलती है।
शारीरिक शिक्षा संयोजक डॉ. के.के. शर्मा ने वार्षिक खेल रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि महाविद्यालय के खिलाड़ी अपने कार्य से पहचान बनाते हैं। कार्यक्रम का संचालन छात्र सक्षम पांडे ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रो. राजेश उपाध्याय ने किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षकगण, कर्मचारी और सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे।