CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर दौरे के दौरान शहर को 1,375 करोड़ रुपये से अधिक की जल निकासी और सीवरेज परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने करीब 495 करोड़ रुपये की लागत से तैयार गोरधैया नाला परियोजना के प्रथम चरण का लोकार्पण किया, जबकि 880 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले द्वितीय चरण, गोरखपुर सीवरेज योजना (जोन-ए3) और गोरधैया नाले के समानांतर बनने वाली सर्विस रोड का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीपावली से पहले शुरू हुई यह परियोजना शहर के उत्तरी हिस्से के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित होगी। लंबे समय से जलभराव और खराब जल निकासी की समस्या झेल रहे इलाकों को इस योजना से सीधा लाभ मिलेगा।
CM Yogi: पहले चरण में क्या हुआ तैयार?
सरकारी जानकारी के अनुसार, पहले चरण में लगभग 7.75 किलोमीटर लंबा आरसीसी नाला बनाया गया है। इसके अलावा इंटरसेप्टर ट्रंक सीवर लाइन, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, पंपिंग स्टेशन और अन्य आवश्यक ढांचागत कार्य भी पूरे किए गए हैं।
दूसरे चरण में 45 हजार नए सीवर कनेक्शन
दूसरे चरण के तहत 17 कैचमेंट क्षेत्रों में करीब 342 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ लगभग 45 हजार नए सीवर कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार का दावा है कि इस परियोजना से करीब ढाई से तीन लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और शहर की जल निकासी व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक आधुनिक और व्यवस्थित होगी।
जलभराव और बीमारियों से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गोरधैया नाला परियोजना केवल जल निकासी तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य शहर को जलभराव, गंदगी और जलजनित बीमारियों से भी राहत दिलाना है। उन्होंने कहा कि बेहतर सीवरेज नेटवर्क बनने से डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों पर भी नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
CM Yogi: नाले के किनारे बनेंगी सड़कें
परियोजना के तहत गोरधैया नाले के दोनों किनारों पर सड़कें विकसित की जाएंगी। साथ ही वृक्षारोपण भी किया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने के साथ शहर का पर्यावरण और सौंदर्य भी बेहतर होगा।
गोरखपुर के विकास पर बोले मुख्यमंत्री
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री (CM Yogi) ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में गोरखपुर ने चिकित्सा, शिक्षा, उद्योग, रोजगार और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पूर्वांचल के इस प्रमुख शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
किसानों के लिए राहत का भरोसा
मुख्यमंत्री ने हाल की बेमौसम बारिश और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सभी जिलाधिकारियों को फसल क्षति का सर्वे कराने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार प्रभावित किसानों को राहत पैकेज और मुआवजा उपलब्ध कराएगी।
दीपावली पर दिया सामाजिक संदेश
दीपावली के अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि त्योहार की खुशियां जरूरतमंद परिवारों के साथ भी साझा करें। उन्होंने मंदिरों, शहीद स्मारकों और महापुरुषों की प्रतिमाओं पर दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने का भी आह्वान किया।





अपनी राय दें