Jharkhand Chunav: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी अब झारखंड में विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती है। झारखंड चुनाव को लेकर चिराग पासवान ने 25 अगस्त को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुलाई है। आपको बता दें कि चिराग पासवान एनडीएम में भाजपा का अहम सहयोगी हैं। उनकी पार्टी के पांच सांसद एनडीए के साथ हैं। उन्होंने एनडीए के साथ मिलकर ही लोकसभा चुनाव लड़ा था।
Jharkhand Chunav कब होगा
झारखंड चुनाव को लेकर रांची एक बड़े होटल में बैठक का आयोजन किया गया है। झारखंड में नवंबर-दिसंबर में संभावित विधानसभा चुनाव के साथ-साथ हरियाणा और अगले साल बिहार विधानसभा के चुनाव की रणनीति पर अहम फैसले लिए जाने की संभावना है। यह बैठक इस लिहाज से भी अहम मानी जा रही है कि इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना है। यह तय है कि एक बार फिर चिराग पासवान को सर्वसम्मति से इस पद के लिए चुना जाएगा।
Jharkhand Chunav को लेकर बैठक
राष्ट्रीय कार्यकारिणी के कई पदाधिकारी और सदस्य बैठक में शिरकत करने के लिए शनिवार को ही रांची पहुंच रहे हैं। इस बैठक के पहले लोजपा (आर) की झारखंड इकाई ने राज्य में 28 विधानसभा सीटें चिन्हित की हैं और इनपर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है। बैठक में इस प्रस्ताव पर चर्चा होगी और इसके बाद तय होगा कि एनडीए फोल्डर के तहत कितनी और किन-किन सीटों पर दावेदारी पेश की जाए।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान कहते हैं कि हम झारखंड विधानसभा चुनाव में मजबूती के साथ उतरने को तैयार हैं। राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्णयों और निर्देशों के तहत हम आगे कदम बढ़ाएंगे।
झारखंड में कैसा रहा है चिराग का सफर
आपको बता दें कि झारखंड में लोजपा ने आज तक कभी किसी चुनाव में जीत दर्ज नहीं की है। यहां कभी पार्टी का सुव्यवस्थित या मजबूत संगठनात्मक ढांचा भी नहीं रहा है। ऐसे में चिराग पासवान और उनकी पार्टी एनडीए नेतृत्व पर सीटों के लिए कितनी मजबूती के साथ दावा कर पाएगी, यह कहना मुश्किल है।
हाल में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में एनडीए फोल्डर के तहत झारखंड में सिर्फ दो पार्टियां भाजपा और आजसू मैदान में थीं। अब विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार की पार्टी जदयू और उसके बाद चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (आर) की ओर से सीटों की दावेदारी पर फिलहाल एनडीए के सबसे बड़े घटक दल भाजपा की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।