Nitish Setu: बिहार में बुनियादी ढांचे और सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल को बड़ी उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज इस पुल का लोकार्पण किया। इसका नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। इस मौके पर बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने इसे राज्य के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जताया।
निशांत कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यह पुल उनके नेता और पिता नीतीश कुमार का ड्रीम प्रोजेक्ट रहा है। उनके नाम पर पुल का नामकरण करना बिहार के विकास में उनके 20 वर्षों के परिश्रम को सम्मान देने जैसा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने शुरुआत से ही पुल-पुलियों और सड़कों के निर्माण पर जोर दिया तथा शहरी क्षेत्रों से लेकर गांवों तक सड़क नेटवर्क के विस्तार का काम किया।
उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती
स्वास्थ्य मंत्री ने उम्मीद जताई कि यह पुल उत्तर बिहार और दक्षिण बिहार के बीच विकास सेतु साबित होगा। उनके मुताबिक, इससे क्षेत्र में उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य, कारोबार और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिल सकता है। उन्होंने इस दूरदर्शी परियोजना को जमीन पर उतारने के लिए नीतीश कुमार का भी हृदय से आभार व्यक्त किया।
निशांत कुमार ने अपने संदेश में कहा कि बिहार बेहतर कनेक्टिविटी, मजबूत आधारभूत संरचना और आधुनिक सुविधाओं के साथ विकास एवं समृद्धि के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल को इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बताया।
कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल को उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन को सुगम बनाने वाली अहम परियोजना माना जा रहा है। इसके शुरू होने से संबंधित इलाकों में संपर्क और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन केबल-स्टे ब्रिज का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने राज्य में कई अन्य विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इन पहलों को बिहार के बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है…




