उत्तर प्रदेश की रामनगरी अयोध्या में आयोजित दीपोत्सव-2026 में इस बार परंपरा, तकनीक और सांस्कृतिक विरासत का भव्य संगम देखने को मिला। राम की पैड़ी पर हुए स्वदेशी ड्रोन शो ने आसमान को रामायण के प्रसंगों से रोशन कर दिया। 2100 से अधिक ड्रोन की मदद से तैयार की गई आकृतियों ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों का ध्यान खींचा।

ड्रोन शो में दिखे रामायण के प्रमुख प्रसंग
आधिकारिक बयान के मुताबिक, ड्रोन शो के दौरान आसमान में भगवान राम की वीर मुद्रा, रावण वध, पुष्पक विमान और राम दरबार की भव्य आकृतियां उभरीं। इसके साथ ही रामकथा को जन-जन तक पहुंचाने वाले महर्षि वाल्मीकि और गोस्वामी तुलसीदास की छवियां भी प्रदर्शित की गईं। रोशनी और रंगों से सजे इन दृश्यों को देखकर राम की पैड़ी पर मौजूद श्रद्धालुओं ने तालियां बजाकर उत्साह जताया और कई लोगों ने इन पलों को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।
बयान में कहा गया कि आधुनिक तकनीक के जरिए रामायण के प्रसंगों को जीवंत रूप में पेश करने का उद्देश्य लोगों को आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना था। ड्रोन से बनती आकृतियों के बीच राम की पैड़ी पर जय श्रीराम के उद्घोष गूंजते रहे।
उपराष्ट्रपति ने आयोजन को बताया मंत्रमुग्ध करने वाला
दीपोत्सव समारोह में उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि अपने 40 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में उन्होंने इतना सुंदर और मंत्रमुग्ध कर देने वाला कार्यक्रम नहीं देखा। उन्होंने 2100 से अधिक ड्रोन के माध्यम से रामायण के प्रसंगों की प्रस्तुति और स्थानीय कलाकारों के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रशंसा की।
उपराष्ट्रपति के अनुसार, दीपोत्सव के दसवें संस्करण में पूरे अयोध्या क्षेत्र में 36 लाख दीप प्रज्वलित किए गए। उन्होंने कहा कि रामायण का संदेश बुराई पर अच्छाई की जीत का है। उनके मुताबिक, 500 वर्षों बाद राम मंदिर का पुनर्निर्माण सत्य और आस्था में अटूट विश्वास का प्रतीक है।
बनारस से पहली बार दीपोत्सव देखने पहुंचे पर्यटक
दीपोत्सव के दसवें संस्करण को देखने बनारस से पहली बार अयोध्या पहुंचे शाश्वत मिश्रा ने कहा कि अयोध्या का दीपोत्सव अपने आप में अद्भुत है। उन्होंने बताया कि पूरे शहर में उत्सव जैसा माहौल था और जगह-जगह जय श्रीराम के जयकारे सुनाई दे रहे थे। दीपों से सजी रामनगरी और यहां पहुंचे लोगों का उत्साह देखकर उनका मन प्रसन्न हो गया।
उपराष्ट्रपति ने इस आयोजन के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उत्तर प्रदेश सरकार, प्रशासन, कलाकारों और स्वयंसेवकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि अयोध्या का प्रकाश देश को विकसित और आत्मविश्वासी राष्ट्र बनने की प्रेरणा देता रहेगा।





अपनी राय दें