
दरभंगा: बिहार की अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक और लोकगायिका मैथिली ठाकुर के परिवार से जुड़ा जमीन विवाद सामने आया है। दरभंगा जिले के तारडीह प्रखंड की पोखरभिंडा पंचायत के ग्रामीणों ने मैथिली ठाकुर के पिता रमेश ठाकुर पर सरकारी जमीन, सार्वजनिक रास्ते, नाले और निजी जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया है। मामले में ग्रामीणों ने अंचल अधिकारी (CO) के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) और बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल पर भी शिकायत की है।
सार्वजनिक रास्ते और श्राद्धस्थल की जमीन पर कब्जे का आरोप
ग्रामीणों की शिकायत के मुताबिक, ग्राम देवता तिवारी बाबा स्थान के पास स्थित सामूहिक श्राद्धस्थल की जमीन और शशिनाथ मिश्रा चौक से वाटरवेज तक जाने वाले सार्वजनिक रास्ते पर निर्माण कराए जाने का आरोप है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे खेतों तक आने-जाने और रोजमर्रा के आवागमन में परेशानी हो रही है। तालाब से निकलने वाले नाले को मिट्टी से भरने और कुछ निजी भूखंडों पर बाउंड्री बनाए जाने की शिकायत भी की गई है।
गांव के कुछ जमीन मालिकों ने अपनी निजी जमीन पर कथित कब्जे और जमीन के बदले दूसरी जमीन या मुआवजा नहीं मिलने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने विवादित जमीन की सरकारी अमीन से मापी कराने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
रमेश ठाकुर ने क्या कहा?
रमेश ठाकुर ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने संबंधित लोगों से जमीन खरीदी है और अंचल अधिकारी की जांच रिपोर्ट आने का इंतजार किया जाना चाहिए।
प्रशासन ने दोनों पक्षों को सुनवाई के लिए बुलाया
प्रभारी अंचलाधिकारी आलोक कुमार के मुताबिक, ग्रामीणों का आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं और दोनों पक्षों को जनता दरबार में बुलाकर उनका पक्ष सुना जाएगा। जांच और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, जमीन पर अवैध कब्जे के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासनिक जांच और जमीन की मापी के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





अपनी राय दें