Patna News: मंदिर में अचानक मची अफरा-तफरी… हथियारबंद आतंकियों के घुसने की खबर मिलते ही श्रद्धालुओं में हड़कंप मच गया। कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को सुरक्षा बलों ने घेर लिया, गोलियों की आवाज गूंजने लगी और बंधकों को बाहर निकालने का अभियान शुरू हो गया। लेकिन कुछ देर बाद सामने आया कि यह किसी आतंकी हमले की नहीं, बल्कि सुरक्षा तैयारियों को परखने के लिए किया गया विशेष मॉक ड्रिल था।
पटना के इस्कॉन मंदिर में ATS की हाई-वोल्टेज मॉक ड्रिल
पटना के बुद्ध मार्ग स्थित प्रसिद्ध इस्कॉन मंदिर में बुधवार को बिहार एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने हाई-वोल्टेज मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इस अभ्यास का उद्देश्य मंदिर जैसे संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले धार्मिक स्थलों पर संभावित आतंकी हमले की स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों की तैयारी, प्रतिक्रिया क्षमता और आपसी समन्वय का परीक्षण करना था।
Patna News: मौके पर पहुंची एटीएस की टीम
मॉक ड्रिल के तहत ऐसा परिदृश्य तैयार किया गया कि तीन हथियारबंद आतंकी अचानक मंदिर परिसर में घुस आते हैं और वहां मौजूद श्रद्धालुओं को बंधक बना लेते हैं। जैसे ही इसकी सूचना मिलती है, ATS की टीम तत्काल मौके पर पहुंचती है और पूरे मंदिर परिसर की घेराबंदी कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर देती है।

ऑपरेशन के दौरान जवान रणनीतिक तरीके से मंदिर के भीतर प्रवेश करते हैं। इस बीच आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच काल्पनिक मुठभेड़ का भी प्रदर्शन किया गया। पूरे अभियान में जवानों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आतंकियों को ‘निष्क्रिय’ कर दिया और बंधक बनाए गए सभी श्रद्धालुओं व आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
Patna News: संभावित खतरों से निपटने की तैयारी
इस अभ्यास के दौरान सुरक्षा बलों की प्रतिक्रिया समय, ऑपरेशन प्रबंधन, आपसी तालमेल और आपातकालीन परिस्थितियों में निर्णय लेने की क्षमता को परखा गया। अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की मॉक ड्रिल का उद्देश्य किसी भी संभावित आतंकी खतरे या आपदा की स्थिति में सुरक्षा एजेंसियों को पूरी तरह तैयार रखना है। ऐसे अभ्यास समय-समय पर संवेदनशील सार्वजनिक स्थलों पर किए जाते हैं, ताकि वास्तविक संकट की स्थिति में नुकसान को न्यूनतम किया जा सके।