Bihar News: पटना में बुधवार को राजनीति से ज्यादा विकास की चर्चा हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पहुंचे। बंद कमरे में करीब 20 मिनट तक दोनों नेताओं के बीच बातचीत चली। बाहर निकले तो सीएम के हाथ में बिहार के लिए एक बड़ी खुशखबरी थी कि गंगा की गाद को लेकर दिल्ली में ऐतिहासिक समझौता हो गया है।
नीतीश ने उठाया था मुद्दा, दिल्ली में मिली मुहर
सम्राट चौधरी ने साफ कहा, ये अभियान नीतीश कुमार का था। उन्होंने बार-बार दिल्ली में ये मुद्दा उठाया कि गंगा में जमा गाद ही बिहार में बाढ़ की सबसे बड़ी वजह है। अब उसी अभियान को सफलता मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में सड़क परिवहन मंत्रालय और भारत सरकार के बीच समझौता फाइनल हो गया है। सीएम ने इसकी पूरी जानकारी नीतीश कुमार को दी। उन्होंने कहा कि हम उनके काम और उनके सपनों को जमीन पर उतार रहे हैं।
अब गंगा से निकलेगी 4 लाख क्यूबिक मीटर गाद
समझौते के तहत गंगा समेत बिहार (Bihar News) की प्रमुख नदियों से करीब 4 लाख क्यूबिक मीटर गाद निकाली जाएगी। खास बात ये है कि निकली हुई गाद को फेंका नहीं जाएगा, बल्कि बिहार में ही विकास कार्यों में इस्तेमाल किया जाएगा। सीएम ने कहा कि इससे डबल फायदा होगा। एक तरफ बाढ़ का पानी गांवों में नहीं घुसेगा, दूसरी तरफ खेतों की उपजाऊ मिट्टी का कटाव रुकेगा। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार और सड़क परिवहन मंत्रालय को बधाई दी।
Bihar News: सुशासन की विरासत पर आगे बढ़ेगा बिहार
इस मौके पर सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में सुशासन की व्यवस्था दी और राज्य को संगठित अपराध से मुक्त किया। अब पीएम मोदी के मार्गदर्शन और नीतीश के सहयोग से बिहार को विकसित राज्य बनाने का मिशन चल रहा है।
छठ पर ज्यादा ट्रेनें, अयोध्या-सीतामढ़ी के लिए सीधी ट्रेन की मांग
दिल्ली दौरे का पूरा लेखा-जोखा भी सीएम ने दिया। उन्होंने रेल मंत्री से कहा है कि छठ और दीपावली पर घर लौटने वालों के लिए इस बार और ज्यादा ट्रेनें चलाई जाएं। पिछली बार 10 हजार से ज्यादा जोड़ी ट्रेनें चली थीं, इस बार रिकॉर्ड तोड़ने की तैयारी है। साथ ही अयोध्या से सीतामढ़ी के लिए सीधी ट्रेन चलाने का भी प्रस्ताव दिया गया है, ताकि राम की जन्मभूमि और सीता की जन्मभूमि सीधे जुड़ सकें।
गया मॉडल पर बनेंगे 5 नए औद्योगिक कॉरिडोर
बिहार को इंडस्ट्री हब बनाने का प्लान भी सामने आया। गया में बन रहे IMC कॉरिडोर की तर्ज पर 5 और जगहों पर कॉरिडोर बनाने का प्रस्ताव केंद्र को दिया गया है। मुजफ्फरपुर और दरभंगा का प्रस्ताव सौंप दिया गया है। सीएम ने बताया कि इसके लिए राज्य में 13 हजार एकड़ जमीन तैयार है। 1000 से ज्यादा उद्योगों को पहले ही मौका दिया जा चुका है। पटना में कंट्रोल एस का डाटा सेंटर बनकर तैयार है और काम शुरू हो गया है। अब औद्योगिक कॉरिडोर के लिए पर्यावरणीय मंजूरी जल्दी देने और पीपीपी मॉडल पर इको-टूरिज्म विकसित करने के लिए भी केंद्र से स्वीकृति मांगी गई है।





अपनी राय दें