Cyclone Murasu: बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ (Cyclone Murasu) का खतरा अभी टला नहीं है। मंगलवार तड़के इस तूफान ने आंध्र प्रदेश के तट से टकराकर लैंडफॉल किया और अब उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ रहा है।
आंध्र तट पर 120 किमी की रफ्तार से टकराया मुरासु
IMD के अनुसार लैंडफॉल के समय हवा की रफ्तार 100 से 120 किलोमीटर प्रति घंटा रही। लैंडफॉल के बाद यह धीरे-धीरे कमजोर होगा, लेकिन इसका असर कई राज्यों में भारी बारिश के रूप में देखने को मिलेगा। फिलहाल आंध्र प्रदेश और उससे सटे तेलंगाना के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बुधवार यानी 4 नवंबर को आंध्र प्रदेश, तेलंगाना के साथ-साथ रायलसीमा, दक्षिण ओडिशा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
छत्तीसगढ़ में बदला मौसम, 19 जिलों में यलो अलर्ट
चक्रवात मुरासु (Cyclone Murasu) का सबसे ज्यादा असर छत्तीसगढ़ में देखने को मिल रहा है। राज्य का मौसम पूरी तरह बदल गया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को 19 जिलों और बुधवार को 15 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
इन जिलों में बारिश के साथ गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे, कभी-कभी 60 किलोमीटर तक की तेज हवाएं चलने का अनुमान है। विभाग के अनुसार मंगलवार देर रात तक दक्षिणी और मध्य छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश की भी आशंका है।
Cyclone Murasu: इन राज्यों में भी अलर्ट
छत्तीसगढ़ के अलावा तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे में 7 से 11 सेमी बारिश दर्ज की गई है। ओडिशा और पश्चिम बंगाल में 3 और 4 नवंबर को भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 3 से 9 नवंबर के बीच, सिक्किम में 3-4 नवंबर और झारखंड में 5 से 7 नवंबर को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर-पश्चिम भारत में चक्रवात (Cyclone Murasu) का सीधा असर नहीं दिखेगा। IMD के अनुसार 3 से 6 नवंबर के बीच दिल्ली-NCR में मौसम साफ रहेगा। सुबह के वक्त हल्की धुंध छा सकती है। दिल्ली में दिन का तापमान 27 से 30 डिग्री और रात का तापमान 14 से 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। दोपहर में 10 से 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलेंगी।





अपनी राय दें