गोवा: अरपोरा में शनिवार(6 दिंसबर) देर रात एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। रात करीब 12 बजे बर्च बाय रोमियो लेन नामक लोकप्रिय नाइट क्लब में अचानक आग भड़क उठी, जिसके कारण 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
सिलेंडर विस्फोट से भड़की आग, धमाके में गई 25 जान
गोवा के पुलिस महानिदेशक आलोक कुमार के अनुसार, घटना की शुरुआत क्लब परिसर में हुए सिलेंडर विस्फोट से हुई। आग फैलते ही वहां मौजूद लोग घबराकर बेसमेंट की ओर दौड़ पड़े, लेकिन वहीं धुआं भर जाने से दम घुटने के कारण करीब 20 लोगों की मौत हो गई। क्लब में मौजूद छह घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा हैं।
यह नाइट क्लब गोवा की प्रसिद्ध रोमियो लेन चेन का हिस्सा है, जिसमें रेस्टोरेंट, बार और रिसॉर्ट भी शामिल हैं। पुलिस ने मामले में गैरइरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
घटना के समय क्लब में लगभग 100 लोग मौजूद थे। यह स्थल राजधानी पणजी से करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
खामियों को लेकर सीएम ने जताई नाराजगी
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि क्लब में आग से निपटने के लिए पर्याप्त सुरक्षा इंतज़ाम मौजूद नहीं थे। उन्होंने साफ कहा कि प्रशासन उन अधिकारियों और क्लब प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा, जिन्होंने सुरक्षा मानकों का पालन न होने के बावजूद क्लब को संचालन की अनुमति दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मृतकों में कई लोग किचन स्टाफ के सदस्य थे, और प्रारंभिक जांच से साफ है कि क्लब में फायर सेफ्टी नॉर्म्स का गंभीर उल्लंघन हुआ था।
डीजीपी आलोक कुमार ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम में रात 12:04 बजे आग की सूचना प्राप्त हुई। इसके तुरंत बाद पुलिस टीम, दमकल गाड़ियां और एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गईं।
उन्होंने कहा कि सभी शवों को बरामद कर लिया गया है और घटना की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हादसे पर राष्ट्रपति और पीएम ने जाताय शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा कि वह उत्तरी गोवा की दर्दनाक आग दुर्घटना से अत्यंत व्यथित हैं, और शोकग्रस्त परिवारों के प्रति उन्होंने संवेदना व्यक्त की। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।